चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंदौली की सचिव श्रीमती निकिता गौड़ के नेतृत्व में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर विशेष विधिक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।अभियान का पहला चरण 25 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और आमजन को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों तथा इसके उल्लंघन पर होने वाले कानूनी परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को विशेष कानूनी संरक्षण
जागरूकता अभियान के दौरान बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कानून के तहत विशेष संरक्षण प्राप्त है। बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों के मामलों में पॉक्सो अधिनियम के तहत कठोर कानूनी प्रावधान लागू होते हैं।अभियान के दौरान महिला एवं बाल अधिकारों तथा जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान जरूरी
बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार, छेड़छाड़ या उत्पीड़न महसूस होने पर डरने या चुप रहने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।अभियान के माध्यम से बेटियों को भी उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि विषम परिस्थितियों में वे उचित सहायता प्राप्त कर सकें और अपने अधिकारों के लिए आवश्यक कदम उठा सकें।

जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं आमजन को सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।चाइल्ड हेल्पलाइन:1098 आपातकालीन सहायता: 112 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से लोगों से अपील की गई कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन एवं सक्षम प्राधिकरण से तत्काल सहायता प्राप्त करें।यह अभियान बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, यौन अपराधों से सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंदों तक निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाने की दिशा में चलाया जा रहा है।
संवाददाता पंकज तिवारी चन्दौली
