चंदौली, 30 सितंबर 2026। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले जनपदस्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रमों, कानून-व्यवस्था और स्वच्छता से संबंधित तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती जनपद में गरिमापूर्ण ढंग से मनाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि 2 अक्टूबर से पहले ही जिले के सभी सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित क्षेत्रों में धरातल पर साफ-सफाई दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुसज्जित रखने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि 2 अक्टूबर की सुबह ठीक 9 बजे जनपद के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने जिले के सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करने के भी निर्देश दिए, ताकि गांधी जयंती के कार्यक्रमों का व्यवस्थित ढंग से आयोजन हो सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जनपद की सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

