कमालपुर/चंदौली। बेटियां बोझ नहीं, बल्कि परिवार की पहचान और भविष्य की उड़ान होती हैं। इस बात को चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी ज्ञान ज्योति ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिखाया है। आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई पूरी कर ज्ञान ज्योति ने एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर जौनपुर के सरकारी अस्पताल में नियुक्ति हासिल की है।ज्ञान ज्योति की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ गांव में भी खुशी का माहौल है। बेटी की सफलता की जानकारी मिलने पर समाजसेवी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य बंधु राम तथा भाजपा नेता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य आलोक कुमार राय उनके घर पहुंचे और मिठाई खिलाकर बधाई दी।ज्ञान ज्योति के पिता अशोक कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और बेटी की लगन का परिणाम आज सामने है।ज्ञान ज्योति ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई हरिद्वार इंटर कॉलेज, बभनियांव कमालपुर से पूरी की। इसके बाद अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने एक्स-रे टेक्नीशियन के रूप में सरकारी सेवा में स्थान हासिल किया।बेटी की सफलता पर पिता अशोक कुमार भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि मजदूरी करके बेटी को पढ़ाने का सपना देखा था। आज बेटी को इस मुकाम पर देखकर उनका मन खुशी से भर गया है।ज्ञान ज्योति की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। यह सफलता एक बेटी की मेहनत के साथ-साथ उसके पिता के त्याग और संघर्ष की भी जीत है।इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य बंधु राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य आलोक कुमार राय, कुलदीप गौतम, सौरभ राय, संदीप कुमार गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

