चंदौली, 7 सितंबर 2026। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स एवं त्वरित आर्थिक विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था, सरकारी भवनों सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाएं। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लगातार परियोजनाओं की निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

मैनपावर कम मिलने पर जताई नाराजगी

निर्माणाधीन पुलिस लाइन में आवासीय एवं अनावासीय भवनों के निर्माण की समीक्षा के दौरान निर्धारित टाइमलाइन के बावजूद पर्याप्त मैनपावर नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित प्रोजेक्ट मैनेजर को मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने की कड़ी हिदायत दी।इसी तरह नवीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के भवन एवं छात्रावास निर्माण में धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

चकिया रोडवेज और मॉडल स्कूल के काम में तेजी के निर्देश

चकिया स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। ग्राम पंचायत गनेशपुर, विकासखंड चकिया में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय (प्री-प्राइमरी से कक्षा-12 तक) के निर्माण की धीमी प्रगति पर भी प्रोजेक्ट मैनेजर को आवश्यक मैनपावर लगाकर कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।नगर पालिका परिषद पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर, चंदौली में स्थित राम जानकी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को भी निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

लापरवाही पर कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही और सुस्ती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने धीमी गति से काम करने वाली कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा जनपद में डीएफसीसी के ऊपरगामी सेतुओं के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय धानापुर के निर्माण कार्य की कम प्रगति और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता दोनों सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने और निर्धारित समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना अधिकारी, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड, बंधी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading