चंदौली, 07 सितंबर 2026।जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालगृह में रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं देखरेख की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।जिलाधिकारी ने पंजीयन रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से फोन पर वार्ता की और बालगृह में रह रहे बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक तैनात करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का बच्चों के प्रति संवेदनशील एवं आत्मीय व्यवहार भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें बिस्कुट और चिप्स वितरित किए। इसी दौरान हाल ही में बालगृह में आई करीब नौ माह की मासूम बच्ची को जिलाधिकारी ने गोद में उठाकर उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालगृह में बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता— राकेश तिवारी, चंदौली
