धीना। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मंगलवार को विद्युत विभाग से हटाए गए कंप्यूटर ऑपरेटरों और राजस्व वसूली कार्य में लगे आउटसोर्स कर्मियों की समस्याओं को लेकर अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार से मिले। इस दौरान उन्होंने कर्मियों की सेवा बहाल करने और उन्हें सम्मानजनक मानदेय दिए जाने की मांग की।पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि विद्युत विभाग में करीब 10 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे 29 कर्मियों को एक सितंबर 2026 से कार्यमुक्त किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों ने लंबे समय तक विभाग के विभिन्न कार्यों को जिम्मेदारी के साथ संचालित किया है। ऐसे में उनकी सेवा समाप्त करने के बजाय वर्तमान महंगाई को देखते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की जानी चाहिए।कर्मियों ने बताया कि जनपद के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों और कार्यालयों में कंप्यूटर संबंधी कार्यों के साथ-साथ राजस्व वसूली के लिए उन्हें आउटसोर्स के माध्यम से नियुक्त किया गया था। पूर्व में पीएफ और ईएसआईसी की कटौती के बाद उन्हें 17,238 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्राप्त होता था।कर्मियों के अनुसार पुरानी आउटसोर्स कंपनी का करार समाप्त होने के बाद नई कंपनी का चयन किया गया है। नई कंपनी द्वारा कर्मियों को निर्धारित मासिक मानदेय के बजाय कमीशन के आधार पर मेहनताना दिए जाने की बात कही जा रही है, जिससे कर्मियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि अधिकांश कर्मियों के परिवार की आजीविका पूरी तरह इसी नौकरी पर निर्भर है। लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मियों को अचानक हटाया जाना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की कि कार्यमुक्त किए गए सभी कर्मियों की सेवा समाप्ति का आदेश वापस लेते हुए उन्हें पूर्व की भांति उनके पदों पर बहाल किया जाए तथा उनके हितों की रक्षा की जाए।उन्होंने कहा कि कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो इस मुद्दे को लेकर आगे भी संघर्ष किया जाएगा।

