चहनिया/चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को थाना बलुआ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई के साथ कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, मालखाना, हवालात, मेस एवं बैरक का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने के विभिन्न अभिलेखों और फाइलों की भी जांच करते हुए उन्हें समय से अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।एसपी ने थाना परिसर में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों से फीडबैक भी लिया जाए।उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों एवं बाजारों में नियमित गश्त करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच बढ़ाने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही मालखाने में लंबित मामलों के निस्तारण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी।उन्होंने ‘यक्ष ऐप’ के शत-प्रतिशत उपयोग पर विशेष जोर देते हुए बीट पुलिसकर्मियों एवं थाना प्रभारी को गांवों, मोहल्लों, संवेदनशील स्थानों और सीसीटीवी कैमरों की जियो-टैगिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के अपराधियों का भौतिक सत्यापन भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।फोटो कैप्शन: बलुआ थाने में अभिलेखों एवं फाइलों का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल।

