डीडीयू नगर/चंदौली। मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष पार्क में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मुगलसराय शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।बृजेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि संवैधानिक मूल्यों का अपमान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उत्तराखंड की भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर दी। उन्होंने इसे विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाने और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जाति आधारित भेदभाव और दलितों पर अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए विरोध दर्ज कराया और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।इस अवसर पर दयाराम पटेल, शाहिद तौसीफ, संगीता सिंह, डॉ. जी. के. पांडेय, संजय जायसवाल, मृत्युंजय शर्मा, साबिर राईन, दीपक यादव, किशोरी लाल शर्मा, मुन्नी सिंह, रमेश पांडेय, कन्हैया मोदनवाल, दिलीप पाल, संजय पांडेय, राकेश चौधरी, रितिक सिंह, निसार शाह, अनुराग शर्मा, प्रदीप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट:- विजय कुमार गुप्ता
