India Live News | चंदौली मुगलसराय। पूर्व फौजी सुनील पटेल के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर सोमवार को सरदार सेना के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक पटेल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता तख्ती और बैनर लेकर मुगलसराय कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पूर्व फौजी को न्याय दिलाने की मांग की।बताया गया कि कुछ दिन पूर्व सुनील पटेल एक महिला से जुड़े मामले को लेकर मुगलसराय कोतवाली पहुंचे थे। सुनील पटेल का आरोप है कि उस दौरान तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ बर्बरता से मारपीट की गई।मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्कालीन मुगलसराय प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त किए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, सरदार सेना के कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल प्रभारी निरीक्षक को हटाना पर्याप्त नहीं है।कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर कराई जाए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाए।सरदार सेना के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगों को रखा। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की बात सुनी और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।सरदार सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ व्यक्तिगत कार्रवाई कराना नहीं है, बल्कि पूर्व फौजी सुनील पटेल के साथ हुई कथित घटना की निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय दिलाना है।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सरदार सेना के कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने मामले में जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
रिपोर्ट :- विजय कुमार गुप्ता मुगलसराय

