चन्दौली, 29 अगस्त 2026। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन बाधित करने के साथ ही कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज नोटिस) जारी करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एआरटीओ, पीआरओ सहित तीन अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कार्यालय की विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण किया। फाइलों पर धूल जमी होने और अभिलेखों के अव्यवस्थित रखरखाव को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों और अभिलेखों का सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यालयीन व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपने कार्य से कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से भी बातचीत की। उन्होंने नागरिकों से दलालों के हस्तक्षेप, कार्यों में अनावश्यक देरी और विभागीय सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि एआरटीओ कार्यालय सीधे आम जनता से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। इसलिए यहां कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने पूरे कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा आवेदकों और आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संवाददाता: राकेश तिवारी, चन्दौली

Leave a Reply