चन्दौली, 29 अगस्त 2026। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने विकास खण्ड सदर क्षेत्र के बबुरी रोड स्थित पड़यां गांव में गड़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि गड़ई नदी के जलस्तर में वृद्धि का प्रमुख कारण जनपद मिर्जापुर स्थित अहिरौरा डैम से बिना पूर्व सूचना के अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सियन चंद्रप्रभा तथा उप जिलाधिकारी सदर के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की और अहिरौरा डैम के एक्सियन से फोन पर वार्ता की।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में जनपद मिर्जापुर के अहिरौरा डैम के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए तथा डैम से डिस्चार्ज किए जाने वाले पानी की पूर्व जानकारी प्राप्त कर जिला प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए। इससे जनपदवासियों को समय रहते पूर्व सूचना देकर संभावित बाढ़ या जलभराव की स्थिति के प्रति सचेत किया जा सके।उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उप जिलाधिकारी एवं एक्सियन चंद्रप्रभा को निर्देशित किया कि नदी के पानी की निकासी में जहां भी अवरोध उत्पन्न हो रहा है, उसका स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जलभराव और बाढ़ के कारण किसानों की फसलों को हुई क्षति का चिन्हांकन किया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई भी साथ-साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन का मुख्य कार्य जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश के पानी से हुए जलजमाव एवं बाढ़ जैसी आपदा के कारण किसानों की फसलों को हुई क्षति का लेखपालों के माध्यम से सत्यापन कराने तथा नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading