सिलेंडर में आग बुझाने के बताए गुण आग लगने पर फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग और सावधानियों के बारे में दी गई जानकारी
डीडीयू नगर। अलीनगर थाना परिसर में बृहस्पतिवार को फायर ब्रिगेड विभाग की ओर से विशेष अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों ने थाना के पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों तथा अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल की जानकारी दी। प्रशिक्षण में फायर ब्रिगेड टीम ने आग के विभिन्न प्रकारों और उन्हें बुझाने के लिए उपयोग किए जाने वाले अग्निशमन यंत्रों के बारे में विस्तार से बताया। विशेष रूप से घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे नियंत्रित करने के तरीके का लाइव डेमो भी किया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने पर घबराने के बजाय सबसे पहले गैस की आपूर्ति बंद करने का प्रयास करना चाहिए। आग पर काबू पाने के लिए सुरक्षित तरीके से गीले कपड़े, कंबल अथवा अन्य उपयुक्त अग्निशमन उपायों का इस्तेमाल किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाने की प्रक्रिया और इसके उपयोग में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए इस तरह का प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। आपात स्थिति में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि समय रहते आम जनता की भी मदद कर सकते हैं। उन्होंने फायर ब्रिगेड टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर रमेश यादव, एसएसआई बृजेश सिंह, आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव, दीवान सत्येंद्र यादव सहित थाने के समस्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्ट विजय कुमार गुप्ता मुगलसराय
