सैयदराजा/चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली द्वारा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता को लेकर विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।अभियान का प्रथम चरण 25 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण 02 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। इसी क्रम में शुक्रवार, 02 अक्टूबर को नेशनल इंटर कॉलेज, सैयदराजा में पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ की अध्यक्षता में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों एवं आदर्शों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी।श्रीमती निकिता गौड़ ने छात्र-छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट)-2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी असुरक्षित स्पर्श या स्थिति का विरोध करने में बच्चों को डरना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।उन्होंने बताया कि बच्चों को लैंगिक अपराध, उत्पीड़न एवं शोषण से सुरक्षा प्रदान करने के लिए कानून में कड़े प्रावधान किए गए हैं। साथ ही विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों से बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क और संवेदनशील रहने का आह्वान किया गया।शिविर में महिला एवं बाल अधिकारों, पॉक्सो अधिनियम-2012 तथा निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। महिला कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।इस दौरान नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं 181 की जानकारी दी गई, ताकि विषम परिस्थितियों में बच्चे और महिलाएं अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर उचित कदम उठा सकें।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार सिंह, पूर्व प्रबंधक श्री अवध बिहारी सिंह, पैनल लॉयर श्री महेंद्र प्रताप सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, समस्त स्टाफ एवं पीएलवी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के संचालन में श्री रजनीश, श्री भरत भूषण, श्री मार्कंडेय प्रसाद, श्रीमती नमिता शर्मा एवं श्री आनंद प्रकाश सिंह का सहयोग रहा। संवाददाता पंकज तिवारी चन्दौली

