चंदौली, 28 सितंबर 2026। जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अब विशेष टीमें बिना किसी पूर्व सूचना के दूर-दराज स्थित विद्यालयों का औचक निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों की रिपोर्ट तत्काल उच्च अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। साथ ही डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति एवं ड्रेस की धनराशि के हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

शिक्षकों की लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सीडीओ ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही करने वाले तथा अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराने को कहा गया। सीडीओ ने पारदर्शिता और गुणवत्ता को निर्माण कार्यों की प्रमुख प्राथमिकता बताया।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त अपर पंचायत राज अधिकारी तथा जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading