धानापुर, चंदौली। पद्मश्री एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार की जयंती के अवसर पर धानापुर स्थित एक लॉन में पीडीए जनपंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रामाधार कुम्हार और स्वर्गीय पुरुषोत्तम कुम्हार के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रमेश प्रजापति ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को सम्मान और भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों की नीतियों और उनके कार्यों को समझकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।वक्ताओं ने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के स्वतंत्रता आंदोलन, सामाजिक योगदान और वंचित वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और विचारों से समाज को प्रेरणा लेकर शिक्षा, संगठन और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना चाहिए।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
कार्यक्रम में सपा सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार सामंतवादी विचारधारा के आधार पर काम कर रही है। उन्होंने सामाजिक बराबरी और वंचित वर्गों की भागीदारी का मुद्दा उठाया।विधायक प्रभुनारायण यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान कुम्हार समाज के लोगों को गांवों में मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों और मिट्टी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती थी। उन्होंने पीडीए को सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाला सामाजिक-राजनीतिक मंच बताया।

पूर्व विधायक ने विकास कार्यों को लेकर साधा निशाना
पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने कहा कि सैदराजा विधानसभा क्षेत्र में सपा से जुड़े लोगों ने कभी जाति-पाति के आधार पर भेदभाव महसूस नहीं किया। उन्होंने सामाजिक न्याय, आरक्षण और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों को उठाया।उन्होंने क्षेत्रीय विधायक की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विधायक का दायित्व केवल बोर्ड लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके अनुसार विधायक के पास शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार जैसे बड़े मुद्दों को उठाने तथा उनके समाधान के लिए प्रयास करने की जिम्मेदारी होती है।मनोज कुमार सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत और अन्य योजनाओं से कराए गए विकास कार्यों पर भी विधायक के बोर्ड लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता इन कार्यों की वास्तविकता को समझती है।लोकगीतों के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश कार्यक्रम में गायक एवं आयोजक शोभनाथ प्रजापति ने लोकगीत और मिशन गीत प्रस्तुत किए। गीतों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक एकजुटता, अधिकारों और जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में सपा सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू, विधानसभा अध्यक्ष रामजन्म यादव, पूर्व प्रमुख सकलडीहा संजीव सिंह, महेश प्रजापति, राजू प्रजापति, संदीप प्रजापति, सीताराम प्रजापति, अवधेश प्रजापति, शंभू प्रजापति, हृदय नारायण प्रजापति, चंद्रभान, द्वारिका प्रसाद, लालमनी पाल, प्रमोद प्रजापति, मेवालाल प्रजापति, बजरंगी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
