चन्दौली, 10 सितंबर 2026।जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेवा संकल्प अभियान के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक जनपद में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग दिवसों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद स्तर के साथ-साथ तहसील, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, युवाओं से संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान, श्रमदान, स्वास्थ्य मेले सहित अनेक जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित तिथियों के अनुसार सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए सेवा संकल्प अभियान को भव्य एवं सफल बनाना सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी पारितोष मिश्रा, डीसी मनरेगा आरके चतुर्वेदी, डीसी एनआरएलएम श्वेता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, डीपीओ आईसीडीएस राजकपूर, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

