इंडिया लाइव न्यूज, चंदौली

सकलडीहा, चंदौली। तहसील सकलडीहा में शनिवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान तहसील क्षेत्र के दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद एवं राजस्व विभाग से संबंधित रहे। भूमि संबंधी शिकायतों की अधिकता को देखते हुए एसडीएम आकांक्षा सिंह ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की गहन जांच कर आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।एसडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न हो, बल्कि फरियादियों को वास्तविक रूप से राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।इस अवसर पर तहसीलदार सकलडीहा, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सकलडीहा विजय कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी धानापुर राकेश कुमार मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चहनिया, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा के प्रतिनिधि, खंड शिक्षा अधिकारी धानापुर, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा समेत तहसील के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading