चहनियां/चंदौली। बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार की शाम रामगढ़ स्थित रामशाला में एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आयोजन समिति के लोगों की बैठक आयोजित की गई।बैठक में एसडीएम ने जन्मोत्सव समारोह की तैयारियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयोजन से संबंधित कोई भी कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने जिम्मे की व्यवस्थाओं को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करें तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।एसडीएम ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सड़क, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मठ परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य भी समय से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया।श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आयोजन स्थल पर मंच, साज-सज्जा, प्रसाद एवं महाप्रसाद वितरण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी समय से पूरा करने को कहा गया।एसडीएम आकांक्षा सिंह ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि कोई कार्य अधूरा पाया गया तो संबंधित विभाग एवं अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा धनंजय सिंह, अरुण सिंह, मेजर अशोक सिंह, प्रभु नारायण सिंह, सूर्यनाथ सिंह, कुलदीप वर्मा, अभय यादव पीके, दिनेश सोनकर, नीलेश यादव, सुनील विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading