शिक्षा की गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं एवं छात्र सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर,कस्तूरबा विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति पर डीसी को शो-कॉज के निर्देश

चंदौली, 31 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता तथा ऑपरेशन कायाकल्प अभियान की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।बैठक के दौरान निर्माण कार्यों से संबंधित टेंडर प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड, प्रभावी निगरानी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन और शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार किया जाए तथा शासन की प्राथमिकताओं का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता बनाए रखने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शेष मूलभूत अवस्थापना कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राओं की कम उपस्थिति दर्ज किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित जिला कोऑर्डिनेटर को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों तथा सीएम मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले तथा अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। सुधार नहीं होने की स्थिति में ऐसे शिक्षकों की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जाए।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सख्त लहजे में कहा कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करना होगा, अन्यथा जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जिले में शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की तथा जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता राकेश तिवारी चन्दौली
