वाराणसी। 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर, वाराणसी में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत भव्य एवं दिव्य वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी के रवींद्रालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया, जबकि वाहिनी परिवहन शाखा में आकर्षक पंडाल एवं श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई।सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का शुभारंभ डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस), सेनानायक, 36वीं वाहिनी पीएसी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नीलम पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात सेनानायक ने भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर स्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में आमंत्रित भजन गायकों एवं उनकी टीम के कलाकारों के साथ पीएसी परिवार के बच्चों ने मनमोहक एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के समापन पर सेनानायक द्वारा कलाकारों को अंगवस्त्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।मध्यरात्रि ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। सेनानायक महोदय ने झांकी पंडाल में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का विधिवत पूजन, हवन एवं आरती की। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का शुभ क्षण आया, हजारों श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। वाहिनी की बैंड टीम ने सुंदर भजनों की मधुर धुनों से वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पीएसी परिवार के सदस्यों के बीच चरणामृत एवं प्रसाद का वितरण किया गया।कार्यक्रम में श्री प्रमोद कुमार यादव, उपसेनानायक; श्री राजेश कुमार, सहायक सेनानायक; श्री कुमार धीरेंद्र नारायण, सहायक सेनानायक; डॉ. अवरार अहमद, वाहिनी चिकित्साधिकारी; श्री कैलाश नाथ यादव, शिविरपाल; श्री सुरेंद्र कुमार, सूबेदार मेजर; श्री गौरव त्रिपाठी, RTC प्रभारी; श्री राम सिंह, SQM सहित BHU के विभिन्न चिकित्सकगण, आमंत्रित अतिथिगण, वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, पीएसी परिवार के सदस्य, पत्रकार बंधु तथा भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मीडिया सेल36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर, वाराणसी
Report By Omprakash Singh Ramnagar Varanasi
