ग्राम पंचायत सलेमपुर में निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण और परिसर में जलभराव देख जताई नाराजगी, तत्काल मिट्टी भराई के निर्देश

चन्दौली, 02 सितम्बर 2026। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साँई ने बुधवार को विकास खंड सकलडीहा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलेमपुर में निर्माणाधीन पंचायत उत्सव भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने भवन परिसर में कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भरा हुआ पाया। जलजमाव की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल मिट्टी मंगाकर गड्ढों की भराई कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साँई ने उपस्थित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि छत की ढलाई का कार्य पूरा होने के बाद बांस और बल्लियों को सुरक्षित ढंग से हटाया जाए। इसके बाद निर्माण के शेष कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समय के भीतर भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी सकलडीहा, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
