मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन से की डिजिटल पहल की शुरुआत, बिचौलियों की भूमिका होगी समाप्त हर माह की 5 तारीख तक सीधे खाते में आएगा मानदेय, ईपीएफ व ईएसआईसी जैसी सामाजिक सुरक्षा का मिलेगा लाभ

चंदौली, 02 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोकभवन से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) की आधिकारिक वेबसाइट, पोर्टल एवं प्रतीक चिह्न (लोगो) का भव्य शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण पहल के माध्यम से प्रदेश के 2.70 लाख से अधिक आउटसोर्स कार्मिकों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने तथा उनके आर्थिक शोषण को समाप्त करने के लिए एक पारदर्शी डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है।राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद चंदौली के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, सैयदराजा विधायक श्री सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, नगर पालिका पीडीडीयू नगर के अधिशासी अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग द्वारा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत 6 श्रमिकों को कुल 3 लाख 90 हजार रुपये तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को कुल 1 लाख 14 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।UPCOS पोर्टल के माध्यम से अब संपूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन का डिजिटल एकीकरण किया जाएगा। सरकारी विभाग अपनी मानव संसाधन आवश्यकता सीधे पोर्टल पर दर्ज कराएंगे तथा मैनपावर सप्लाई एजेंसियों का पंजीकरण अनिवार्य होगा।नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक माह की 5 तारीख तक कार्मिकों के बैंक खातों में सीधे मानदेय हस्तांतरित किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआईसी और मेडिकल कवर जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जाएगा। इस व्यवस्था से आउटसोर्सिंग प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने की उम्मीद है।मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने कहा कि राज्य सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि UPCOS की शुरुआत से आउटसोर्सिंग व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और बिचौलियों द्वारा किए जाने वाले आर्थिक शोषण पर प्रभावी रोक लगेगी।सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि समय पर मानदेय का भुगतान और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी आउटसोर्स कर्मियों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम श्रमबल को सम्मान और सेवा सुरक्षा प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण निर्णय है।जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जनपद स्तर पर UPCOS पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि आउटसोर्सिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शी ढंग से संचालित किया जाए।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, विधायक सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई द्वारा आउटसोर्स कर्मियों को ड्रेस (यूनिफार्म) का भी वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आउटसोर्स कर्मियों में नई डिजिटल व्यवस्था को लेकर उत्साह और खुशी देखने को मिली। कर्मियों ने इसे उनके हितों की सुरक्षा और समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।संवाददाता : राकेश तिवारी, चंदौली

