चंदौलीडीडीयू नगर। पुलिस ने राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, तीन तमंचे, छह कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।यह कार्रवाई 25 अगस्त की रात हुई एक घटना के बाद शुरू की गई थी। उस रात करीब साढ़े नौ बजे मुगलसराय-सैयदराजा मार्ग पर गल्लामंडी क्षेत्र के पास रवि कुमार जायसवाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार से जा रहे थे। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिवार को धमकाया और रवि की पत्नी के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 28 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में सकलडीहा की ओर जा रहे हैं। तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। भागने की कोशिश के दौरान एक आरोपी बाइक से गिरकर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार दुबे, अमन गिरी, कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा और विनोद सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट :- विजय कुमार गुप्ता

Leave a Reply

Discover more from India Live News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading